हनी को अवैध रेत खनन मामले में किया गया था गिरफ़्तार
जालंधर,06अप्रैल-(टिंकू पंडित):- पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे भूपिंदर सिंह हनी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। पूर्व सीएम चन्नी के भांजे भूपिंदर सिंह हनी को जालंधर की कोर्ट ने 20 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हनी को अवैध रेत खनन मामले में गिरफ़्तार किया गया था। ईडी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के रिश्तेदार भूपिंदर सिंह हनी को सीमावर्ती राज्य में अवैध रेत खनन से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। हनी को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया था। ईडी के अधिकारियों का कहना था कि उन्हें शक है कि छापेमारी के दौरान भूपिंदर सिंह के पास जो प्रॉपर्टी मिली है वो अवैध खनन और सरकारी अधिकारियों का ट्रांसफर करवाकर बनाई गई है। भूपेंद्र सिंह हनी को आज जालंधर की कोर्ट में पेश किया गया जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।