मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में 16-17 जून को बारिश होने की संभावना
चंडीगढ़,14 जून (टिंकू पंडित):- उत्तर भारत मे गर्मी का प्रकोप झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। आने वाले 24 घंटे में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता हैं। मौसम विभाग ने एक बार फिर से चंडीगढ़ सहित पंजाब के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। विभाग के अनुसार 15 जून को बादल छाएंगे और 16-17 जून को बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में भी 15,16 ओर 17 जून को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ-साथ बारिश होने की भी संभावना है। वहीं हरियाणा में भी मौसम का हाल ऐसा ही रहने वाला है। इन दोनों राज्यों सहित चंडीगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। अब देखना यह होगा की मौसम विभाग की भविष्यवाणी कितनी सही निकलती है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून उत्तर भारत में जल्द दस्तक दे सकता है।
इस दौरान तापमान भी 40 डिग्री के आसपास रहेगा। हालांकि विभाग ने यह भी अलर्ट जारी किया है कि 20-21 जून के बाद लोगो को फिर से लू का सामना करना पड़ेगा। सोमवार को पंजाब के कई हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहा। जिससे बाजार से लेकर पर्यटन स्थल सभी विरान रहे। लोग गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए अपने घर व दुकानों पर ही टिके रहे। सोमवार को शाम ढलने के बाद भी हवाओं का मिजाज गर्म ही रहा। अब आने वाले तीन-चार दिनों में मौसम से लोगों को कितनी राहत मिलेगी यह देखने वाली बात होगी।