अग्नीपथ योजना को लेकर देश भर में छिड़ा संग्राम, उत्तर से दक्षिण तक आगजनी, तोड़फोड़, लूटपाट व प्रदर्शन, देश के कई राज्यों ने अपने जिलों में की इंटरनेट सेवा बंद, संगरूर में प्रदर्शन के बाद जालंधर में भी पुलिस हुई अलर्ट

बिहार के 12 जिलों में इंटरनेट सेवा को 48 घंटे तक किया  बंद

जालंधर,17 जून (टिंकू पंडित):- केंद्र सरकार द्वारा सेना में भर्ती को लेकर देश में आरंभ की गई अग्नीपथ योजना को लेकर देश के कई राज्यों में छिड़ा संग्राम अब उग्र रूप ले चुका है। यह संग्राम धीरे-धीरे पूरे भारत में फैल रहा है। इस अग्नीपथ की आग में देश के कई भागों में तोड़फोड़, लूटपाट, प्रदर्शन, रेलगाड़ियों व स्टेशनों पर आगजनी की घटनाएं दिन बा दिन बढ़ती जा रही हैं। अग्निपथ की आग अब पंजाब में भी पहुंच रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के शहर संगरूर में भी प्रदर्शन होने के बाद अन्य जिलों में भी पुलिस अलर्ट हो गई है। जालंधर जिले के सार्वजनिक स्थानों रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शहर में भी अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई है जो सारी स्थिति पर नजर रखे हुए है। खुफिया तंत्र भी युवाओं के संगठनों, राजनीतिक दलों से लगातार संपर्क में है। संगरूर में युवाओं ने शुक्रवार को इकट्ठे होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। वहां पर युवाओं ने चेतावनी दी है कि किसान आंदोलन की तरह आंदोलन चलाएंगे। बता दें कि सेना में भर्ती को लेकर पहले भी जालंधर में हंगामे हो चुके हैं। एक बार भर्ती की डेट बदलने पर युवाओं ने रामामंडी के पास हाईवे पर जाम लगा दिया था। जिसके बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बीच बचाव कर मामले को शांत करवाया था। जालंधर इस मामले में ज्यादा संवेदनशील है। इसलिए पुलिस और प्रशासन ज्यादा सतर्कता से काम ले रहे हैं। वैसे तो कांग्रेस पार्टी ने जालंधर में ईडी के खिलाफ प्रदर्शन करना था परंतु इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के नेताओं ने भी अग्निपथ योजना का भारी विरोध किया।
अग्नीपथ योजना को लेकर बिहार में लगातार आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बिहार में स्थिति नियंत्रण के बाहर हो रही है। बिहार की डिप्टी उप मुख्यमंत्री रेणु देवी के घर पर भी उग्र उपद्रवियों ने हमला किया। हिंसा फैलाने के लिए सोशल मीडिया का भी उपयोग किया जा रहा है। इन घटनाओं को देखते हुए देखते हुए बिहार सरकार ने बिहार के 12 जिलों में इंटरनेट सेवा को 48 घंटे तक  बंद कर दिया गया है। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में भी इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *