इलाका निवासियों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि गेस्ट हाउस को बंद करवाया जाए
जालंधर, 14 मार्च,(टिंकू पंडित)- थाना रामामंडी के अंतर्गत पड़ते अजीत विहार फेस 2 में रिहायशी एरिया में बने एक गेस्ट हाउस से इलाका निवासियों ने दो प्रेमी जोड़ों को पकड़ लिया। इलाका निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह 10:00 बजे जब प्रेमी जोड़े गेस्ट हाउस में आए तभी इलाका निवासियों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। 3 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो इलाका निवासियों ने खुद ही प्रेमी जोड़ों को काबू कर लिया।
इलाका निवासियों ने बताया कि यह गेस्ट हाउस किसी रिटायर्ड ब्रिगेडियर का है। रोजाना यहां पर लड़के लड़कियां आते हैं जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है। कई बार पुलिस को इसके बारे में शिकायत दी है लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इलाका निवासियों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि गेस्ट हाउस को बंद करवाया जाए ताकि इलाके का माहौल खराब ना हो।
मौके पर आए पुलिस कर्मियों से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस गेस्ट हाउस से दो प्रेमी जोड़ों को पकड़ा गया है और पुलिस उन्हें लेकर थाने जा रही है। गेस्ट हाउस में काम करने वाले एक सफाई कर्मचारी को भी थाने लेकर जाया जा रहा है। गेस्ट हाउस का मालिक और मैनेजर मौके पर नहीं मिले। थाने में दोनों प्रेमी जोड़ों से पूछताश की जाएगी व मोहल्ला वासियों द्वारा की गई शिकायत के आधार पर बनती हुई कार्रवाई की जाएगी।

