जालंधर, 17 मार्च -(टिंकू पंडित):-
लोक इंसाफ पार्टी के जिला प्रधान जसवीर बग्गा के खिलाफ थाना नई बारादरी में मामला दर्ज हुआ है। sub-registrar जालंधर-1 मनिंदर सिद्धू द्वारा जसवीर बग्गा के खिलाफ पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी गई थी जिसमें उन्होंने लिखा था कि 14 मार्च 2022 को 2:00 बजे जसवीर सिंह बग्गा जोकि लोक इंसाफ पार्टी का जिला प्रधान है अपने 10-15 साथियों सहित उनके कार्यालय में आया और आते ही उनके दफ्तर के दोनों दरवाजों को अंदर से कुंडी लगाकर बंद कर उन्हें बंधक बना लिया। उस समय दफ्तर में मनिंदर सिद्धू का स्टॉफ जिनमें जितेंद्र सिंह, मुनीश शर्मा, रोहित कुमार व लंबरदार सहित काम करवाने आए अन्य लोग मौजूद थे। जसवीर बग्गा उन्हें धमकाने लगा और कहने लगा कि वह उन पर झूठा मामला दर्ज करवा देगा। मनिंदर सिद्धू ने कहा कि वह ऐसा इसलिए कर रहा था क्योंकि जनवरी फरवरी के महीने में जसवीर बग्गा उन्हें सर्किट हाउस में मिला था और उसने कहा था कि पार्टी प्रधान की तरफ से उसकी इलेक्शन फंड इकट्ठा करने की ड्यूटी लगाई है। जसवीर बग्गा ने 2 करोड रूपए पार्टी फंड इकट्ठा करना है इसलिए वह 5 लाख रुपये पार्टी फंड के लिए उसे दे। जब मनिंदर सिद्धू ने फंड देने से इंकार कर दिया तो जसवीर बग्गा ने उन्हें जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दी और साथ ही उसकी शिकायत कर दी कि मनिंदर सिद्धू एक ही सीट पर 3 साल से ज्यादा समय से तैनात है। जसवीर बग्गा लगातार मनिंदर सिद्धू को धमका था रहा जिससे वह मानसिक तौर पर परेशान हो गए और मनिंदर सिद्धू को परेशानी में देख उनका परिवार भी डर गया व मानसिक तौर पर परेशान हो गया। जिसके बाद मनिंदर सिद्धू ने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर को कर दी। शिकायत मिलने के बाद थाना नई बारादरी की पुलिस को मामले की जांच सौंपी गई। जांच करने के बाद थाना नई बारादरी की पुलिस ने लोक इंसाफ पार्टी के जिला प्रधान जसवीर बग्गा पर अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

