क्या पंजाब सरकार पूरा कर पाएगी 300 यूनिट फ्री बिजली देने का सपना ? केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार को 3 महीने के अंदर प्रीपेड मीटर लगाने के लिए दिए सख्त निर्देश

 

केंद्र सरकार की नीतियों के आगे 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वायदा कैसे पूरा करेगी पंजाब सरकार ?

जालंधर, 25 मार्च -(टिंकू पंडित):- पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद उसके द्वारा चुनावो में किए गए वायदों को पूरा करने का समय जब आया तो आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार के सख्त निर्देशों के बीच घिरती नजर आ रही है। 300 यूनिट मुफ्त बिजली के सपने ले रहे पंजाब वासियों की उम्मीदों पर पानी फिरता दिख रहा है। चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान ने पंजाब की जनता से कई वायदे किए थे।उन वायदों में एक वायदा हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का भी था। परंतु अब केंद्र सरकार की ओर से पंजाब सरकार को एक पत्र लिखकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि पंजाब सरकार 3 महीनों के अंदर – अंदर पूरे पंजाब में प्रीपेड मीटर लगवाए। यदि पंजाब सरकार केंद्र सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन नहीं करती तो केंद्र की तरफ से बिजली सुधारों के लिए दिए जा रहे फंड भी रोकने की चेतावनी दी गई है। आपको बता दें कि यदि प्रीपेड मीटर आपके घरों में लग जाते हैं तो आपको अपने मीटर रिचार्ज करवाने पड़ेंगे और रिचार्ज के हिसाब से ही बिजली की सप्लाई मिलेगी, यानी जितने पैसे आप पहले से बिजली विभाग को जमा करवाएंगे उतनी ही बिजली आपके घर में आएगी। पैसे खत्म होने पर बिजली की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। ऐसे में यदि पंजाब में प्रीपेड मीटर लग जाते हैं तो पंजाब सरकार द्वारा 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वायदा पूरा करने के रास्ते में कई मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी। याद रहे की केंद्र सरकार की तरफ से पंजाब में प्रीपेड मीटर लगाने का फैसला काफी पहले से लिया जा चुका है। पिछले दिनों राज्य में इस पर काम भी हुआ है। लेकिन इसकी रफ्तार बहुत ढीली है। जिसे देखते हुए केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार को सख्त निर्देश जारी कर चेतावनी दी है। आने वाले समय में पंजाब वासियों को 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वायदा अब आदमी पार्टी की सरकार कैसे पूरा करेगी यह देखने वाली बात होगी। आज तक पंजाब के लोगों में में यही चर्चा हो रही थी कि आम आदमी पार्टी कब तक पंजाब की जनता को 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वायदा कब तक पूरा करेगी। परंतु आज पंजाब की जनता को वाद-विवाद करने का एक और नया मुद्दा मिल गया है। अब काफी दिनों तक इसी मुद्दे की चर्चा पंजाब में हर जगह देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *