हिमांशु के बयानों पर पंचम व उसके साथियों पर हुआ मामला दर्ज
जालंधर,15अप्रैल-(टिंकू पंडित):- बीती रात गोपाल नगर में गोली चलाने के पीछे पंचम और उसके साथियों का हाथ है। वह अकाली नेता सुभाष सोंधी के बेटे हिमांशु सोंधी को गोली मारने आए थे। इलाके में लगे एक सीसीटीवी में आरोपित और हिमांशु के बीच हुई हाथापाई भी की कैद हो गई। फुटेज में नजर आ रहा है कि गोपाल नगर में प्रकाश आइसक्रीम की दुकान के पास एक गाड़ी आकर रुकती है और उसमें से एक टोपी पहने युवक निकलता है जिसके हाथ में बेसबैट है। वह वहां पर खड़े हिमांशु पर हमला करता है। हिमांशु उसे धक्का दे भाग निकलत है। उसके बाद गाड़ी से सारे आरोपित हिमांशु के पीछे भागते है।
हिमांशु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में रहने वाला पिंपू उसके साथ रंजिश रखता था। उसी ने बदमाश पंचम, सुभाना, केला और एक अन्य साथी के साथ मिलकर उस पर हमला किया। वह आइसक्रीम लेने आया था लेकिन उक्त लोग पहले ही वहां पर घात लगाकर बैठे थे और उस पर गोलियां चला दी। पुलिस ने हिमांशु के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गोपाल नगर में बीती रात जो गोली चली उसका निशाना तो हिमांशु को बनाया गया था लेकिन वहां से पत्नी व बच्चों समेत एक्टिवा पर निकल रहे लोहा व्यापारी की जांघ में एक गोली लग गई। गोली लगने से एक्टिवा सवार वहीं गिर गया , जबकि गोली चलाने वाले घटना के बाद गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। घायल की पहचान धोगड़ी मोहल्ला निवासी हरमेल सिंह के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही एसीपी सुखदीप सिंह और थाना दो के प्रभारी मौके पर पहुंचे। घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया। देर रात पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही थी।
सिविल अस्पताल में दाखिल हरमेल सिंह ने पुलिस को बयान दर्ज करवाते बताया कि उसका कृष्णा नगर में ससुराल घर है। वह अपनी पत्नी रिदम व तीन वर्षीय बच्ची जन्नत के साथ ससुराल गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर जाने के लिए निकला। जैसे ही गोपाल नगर स्थित प्रकाश आइसक्रीम पार्लर पहुंचा तो बतरा पैलेस की तरफ से कुछ युवक भागते हुए आए। उनके हाथ में बेसबैट, तेजधार हथियार और पिस्तौल थी। उनके आगे एक युवक भाग रहा था जिस पर उन्होंने दो गोलियां चला दी। भागने वाले वाले युवक को तो कुछ नहीं हुआ लेकिन एक गोली उसकी जांघ में लग गई। हरमेल सिंह ने बताया कि वो गोली चलाने वालों में से एक युवक को पहचानता है, जिसके बारे पुलिस को बता दिया है। एसीपी सुखदीप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शहर में पुलिस का खौफ तो जैसे खत्म ही हो गया है। चोर-लुटेरे सरेआम दिनदहाड़े वारदातें कर रहे हैं और दबंग सरेआम गोलियां चला रहे हैं। जालंधर के नए पुलिस कमिश्नर साहब के लिए इन आसामाजिक तत्वों पर नकेल कसना आसान काम नही लग रहा। अपराधी इसी तरह शहर में अपनी मनमानी करते रहेंगे या पुलिस इन घटनाओं को रोकने मैं कामयाब होती है यह तो आने वाला समय ही बताएगा।