डिप्टी मर्डर केस में भी शामिल था विकास मल्हे,
मल्हे के शागिर्द पुनीत की थी डिप्टी से रंजिश
जालंधर, 05 जून (टिंकू पंडित):- देश विदेश में मशहूर कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया हत्याकांड में जालंधर देहात पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने इस मामले में दो शार्प शूटर सहित पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी स्वपन शर्मा ने बताया कि इनमें से एक यूपी के बुलंदशहर का रहने वाला हरविंदर सिंह फौजी है। मामले में अब तक नौ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जालंधर देहात पुलिस ने इस मामले में कई कड़ियां जोड़ी हैं। इसमें कई और लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुनीत अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में हरविंदर फौजी के अलावा गुरुग्राम (हरियाणा) का विकास मल्हे, विकास धौलिया, अलवर (राजस्थान), मनजोत कौर, संगरूर पंजाब, यादविंदर सिंह पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से 7 पिस्तौल भी बरामद की है।
ज्ञात रहे की 14 मार्च 2022 को मल्लियां खुर्द में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान खूनी खेल खेला गया था। चार-पांच बदमाशों ने घात लगाकर संदीप पर गोलियां चलाई थी। जिस से उनकी मौत हो गयी थी व दो अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हुए थे। घटना के समय संदीप अपने कुछ साथियों को कार तक छोड़ने निकले थे। बाद में हमलावर सफेद रंग की स्विफ्ट में सवार होकर गिलान गांव की ओर भाग गए। काफी समय से पुलिस इन बदमाशो के पीछे लगी हुई थी ओर आज इन्हें पकड़ने में उसे सफलता मिली है।

