कनव अग्रवाल की पत्नी महक अग्रवाल, बेटी वृंदा और मां रेणु अग्रवाल की हुई मौत
जालंधर,04 जुलाई (टिंकू पंडित):- इंसान तो अपनी जिंदगी को सवारने के लिए कई प्रकार के स्वपन देखता है और कई प्रकार की योजनाएं बनाता है परंतु परमात्मा को क्या मंजूर है इसके बारे में वह नहीं जानता। कब हंसते खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़े यह इंसान नहीं पता। ऐसी ही एक दुख भरी खबर जालंधर से सामने आई है। जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई है।
जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय मार्ग पर टांडा फोकल प्वाइंट के पास सड़क दुर्घटना में जालन्धर के मशहूर नगीना पंसारी के तीन पारवारिक सदस्यों की मौत हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जालंधर निवासी मधूसुधन अग्रवाल के पुत्र कनव अग्रवाल अपने परिवार समेत माता वैष्णो देवी के दर्शन कर जम्मू से वापिस जालन्धर आ रहे थे। परन्तु जब वह टांडा उड़मुड़ के फोकल प्वाइंट पहुंचे तो उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। इस दौरान कनव अग्रवाल की पत्नी महक अग्रवाल, बेटी वृंदा और मां रेनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि खुद कनव बुरी तरह घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगो की सहायता से कार से बाहर निकाला गया और सरकारी अस्पताल टांडा पहुंचाया गया। कनव की गंभीर हालात को देखते हुए उसे जालन्धर रैफर कर दिया गया है।