अमरनाथ यात्रा से ड्यूटी समाप्त कर वापिस जा रहे थे जवान
पहलगाम, 16 अगस्त (वीर केसरी):- अमरनाथ यात्रा से अपनी ड्यूटी समाप्त कर वापिस लौट रहे भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की बस मंगलवार की सुबह को पहलगाम इलाके में गहरी खाई में गिर गई है। मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में 6 जवानों की मौत हो गई जबकि 32 जवान घायल हो गए है।
घायलों को एयरलिफ्ट करके श्रीनगर स्थित आर्मी अस्पताल ले जाया जा रहा है। चंदनवाड़ी से पहलगाम जा रहे इन जवानों की ड्यूटी अमरनाथ यात्रा के लिए लगाई गई थी। अमरनाथ यात्रा खत्म होने के बाद जवान वहां से वापस लाए जा रहे थे। पहलगाम के फ्रिसलान में यह बस नदी में गिरी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि आईटीबीपी के 37 जवानों और जम्मू-कश्मीर 2 पुलिसकर्मियों को ले जा रही बस चंदनवाड़ी और पहलगाम के बीच गहरी खाई में गिर गई। बस के नदी में गिरने का कारण ब्रेक फेल बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के 6 जवानों की मौत हो गई है।