मामले को जल्द ही ट्रेस कर लेने का किया जा रहा है प्रयास :- एसएचओ अनिल कुमार
जालंधर, 28 अगस्त (टिंकू पंडित):- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के जालंधर दौरे से एक दिन पहले जालंधर में अमन शांति को भंग करने के लिए पंजाब पुलिस को खुला चैलेंज देते हुए शरारती तत्वों द्वारा शहर के सबसे व्यस्त रहने वाले संविधान चौक (बीएमसी चौक) में स्थित पूर्व मुख्यमंत्री पंजाब सरदार बेअंत सिंह के स्मारक पर व पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान के पोस्टरों पर रातो- रात देश विरोधी स्लोगन लिखे गए हैं। आपको याद होगा कि पिछली बार भी जब मुख्यमंत्री भगवंत मान जालंधर आए थे तब भी जालंधर के एक धार्मिक स्थल के सामने वाली दीवार पर ऐसे ही खालिस्तान जिंदाबाद के स्लोगन लिखे गए थे। जिसके कारण शहर निवासियों में सनसनी फैल गई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के बने स्मारक और मौजूदा मुख्यमंत्री के पोस्टर पर लिखे स्लोगन को स्प्रे की सहायता से मिटाने का प्रयास किया गया। आपको ज्ञात होगा की इस से पहले भी पी.ए.पी की दीवारों पर ऐसे ही देश विरोधी स्लोगन लिखे गए थे, पर अभी तक उस मामले में भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। मीडिया द्वारा जब थाना नई बारादरी के एसएचओ अनिल कुमार से इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच आरंभ कर दी है। चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है इस सारे मामले को जल्द ही ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
परंतु आए दिन जालन्धर में हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर पुलिस पर सवालिया निशान खड़ा हो रहा है। परंतु आज सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस चौक में स्लोगन लिखे गए हैं वहां पर दिन-रात पुलिस का नाका लगा रहता है तो ऐसे में शरारती तत्व इस घटना को कैसे अंजाम दे गए। पुलिस की इन्हीं लापरवाहीयों के कारण शरारती तत्वों का होंसला व शहर निवासियों में भय बढ़ रहा है।