भाजपा द्वारा आप पार्टी के विधायकों को पार्टी छोड़ने के एवज में ₹25-25 करोड़ देने का दिया जा रहा है प्रलोभन:- हरपाल चीमा
दिल्ली, 15 सितंबर:- आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में आप पार्टी के विधायकों को ऑपरेशन लोटस से बचाने के लिए सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया है। आम आदमी पार्टी की ओर से भारतीय जनता पार्टी पर दिल्ली व पंजाब में आप के विधायकों की खरीद-फरोख्त किए जाने की साजिश के आरोप लगाए जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी को डर है कि भाजपा पैसे के जोर पर दिल्ली व पंजाब में उनके विधायकों को खरीद कर उनकी सरकार को गिराना चाहती है। कुछ दिनों से आप की ओर से भाजपा पर ये आरोप लगातार लगाए जा रहे हैं।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी मंगलवार को चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर ऑपरेशन लोटस के जरिए आप पार्टी की सरकार को तोड़ने की साजिश रचने के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा है कि भाजपा पहले भी महाराष्ट्र, गोवा व अन्य कई राज्यों में यह खेल खेल चुकी है और दिल्ली में आप विधायकों को खरीदने की नाकामयाब कोशिश करने के बाद अब वही हथकंडा पंजाब में अपना रही है। भाजपा द्वारा आप पार्टी के विधायकों को पार्टी छोड़ने के एवज में 25-25 करोड़ रुपए देने का प्रलोभन दिया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी द्वारा इस खरीद-फरोख्त की कोशिश को ऑपरेशन लोटस का नाम दिया गया है। इसी ऑपरेशन लोटस से बचाने के लिए आम आदमी पार्टी के विधायकों को पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली तलब किया है और वह जल्द ही इन सभी विधायकों के साथ इस मुद्दे पर मीटिंग करेंगे।