चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी परिसर में रात भर हुआ जबरदस्त हंगामा, छात्रा पर लगे गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की नहाते समय की वीडियो बना पुरुष मित्र की सहायता से इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने के आरोप, पुलिस ने आरोपित छात्रा को लिया हिरासत में, इस पूरी घटना पर एसएसपी विवेकशील सोनी ने क्या किया खुलासा पढ़िए वीर केसरी पर…

आरोपित छात्रा से पूछताछ में हुआ खुलासा, किसी अन्य छात्रा की नही बनाई गई वीडियो:- एसएसपी विवेकशील सोनी

 

पीड़ित बेटियां हिम्मत रखें, दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा :- अरविंद केजरीवाल

चंडीगढ़,18 सितंबर (टिंकू पंडित):-  इस समय की सबसे बड़ी हैरान कर देने वाली खबर मोहाली स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से आ रही है। जहां गर्ल्स हास्टल में एक छात्रा ने 60 के लगभग दूसरी छात्राओं की नहाते समय की वीडियो बना शिमला के रहने वाले अपने एक दोस्त को भेजी। छात्रा के दोस्त ने इन वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया है। यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने जब अपनी वीडियो इंटरनेट पर देखी तो सन्न रह गईं। मामले की शिकायत कालेज प्रबंधन को दी गई, लेकिन प्रशासन चुप्पी साधे रहा। बताया जा रहा है कि गत रात्रि अचानक कुछ छात्राओं ने आत्महत्या का प्रयास किया तो मामले ने तूल पकड़ा। सूत्रों के अनुसार आठ छात्राओं ने आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि एसएसपी मोहाली ने आत्महत्या की बात से इन्कार कर दिया है। कहा कि एंबुलेंस से ले जाई जा रही छात्रा तनाव में आ गई थी। वहीं इस घटना पर अपना एतराज जताते हुए चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी कैंपस में शनिवार रात को छात्राओं ने बड़े पैमाने पर भारी विरोध प्रदर्शन किया। जिस के बाद आरोपित छात्रा को हिरासत में ले लिया गया है। मोहाली के एसएसपी विवेक सोनी का कहना है कि  छात्रा पर आरोप है कि उसने अन्य छात्रों की नहाते समय की वीडियो शूट किए और अपने मित्र को भेजे जो उसने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए। उन्होंने कहा है कि किसी भी छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास नहीं किया। रात को यूनिवर्सिटी परिसर में छात्राओं ने भारी रोष प्रदर्शन किया उस प्रदर्शन में पैनिक होने के कारण कुछ छात्राएं बेहोश हुई थी।

पीड़ित बेटियां हिम्मत रखें, दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा :- अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में घटी यह घटना बेहद ही संगीन और शर्मनाक है। इसमें शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। पीड़ित बेटियां हिम्मत रखें। हम सब आपके साथ हैं। सभी संयम से काम लें।

यूनिवर्सिटी कैंपस में कृपया शांति बनाए रखें:-शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस

शिक्षा मंत्री पंजाब हरजोत सिंह बैंस ने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की सभी छात्राओं से विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं कि वह यूनिवर्सिटी परिसर में शांति बनाए रखें, उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। यह एक बहुत ही संवेदनशील मामला है और हमारी बहनों और बेटियों की गरिमा से संबंधित है। मीडिया सहित हम सभी को बहुत सतर्क रहना होगा। पीड़ित बहनों को जल्द ही इंसाफ मिलेगा।

कड़ी कार्रवाई करे पुलिस:- केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश

भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता व केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश ने कहा है कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस को तुरंत कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

किसी छात्रा ने नहीं की आत्महत्या:- गुरमीत
सिंह

कैबिनेट मंत्री पंजाब गुरमीत सिंह मीत हेयर ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा है कि यह मामला बहुत संवेदनशील है, इसलिए मैं सभी से असत्यापित समाचारों को फारवर्ड करने से बचने का अनुरोध करता हूं। मोहाली के उपायुक्त और एसएसपी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही इस पूरे मसले को हल किया जाएगा।

किसी अन्य छात्रा की नही बनाई गई वीडियो:- एसएसपी विवेकशील सोनी

मोहाली के एसएसपी विवेक सोनी ने बताया कि पूछताछ के बाद अभी तक यह पता चला है कि वीडियो बनाने वाली छात्रा ने यूनिवर्सिटी की किसी भी छात्रा की वीडियो नहीं बनाई है उसने केवल अपनी ही वीडियो बनाई थी। छात्रा के मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है व उससे अभी और पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *