भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार प्रकाश सिंह बादल के निधन पर जताया शोक, पंजाब भाजपा ने 26 अप्रैल के अपने सभी चुनावी कार्यक्रम किए स्थगित

पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन से देश की सियासत की एक सदी का हो गया अंत :- अश्वनी शर्मा

जालंधर, 25 अप्रैल (टिंकू पंडित):- भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में अश्वनी शर्मा तथा उपस्थित सभी नेताओं ने दो मिनट का मौन रख कर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. मोहिंदर सिंह, राष्ट्रीय सचिव डॉ. नरेंदर सिंह रैना, विनोद चावड़ा, श्रीमंथरी श्रीनिवासुलू, जीवन गुप्ता , राजेश बाघा , मोना जैसवाल, बिक्रमजीत सिंह चीमा, डॉ. सुभाष शर्मा, केवल सिंह ढिल्लों आदि उपस्थित थे। अश्वनी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री बादल के निधन पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार के साथ संवेदनाएं व्यक्त की तथा इस दुःख को सहने की भगवान के श्रीचरणों में अरदास की।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पांच बार मुख्यमंत्री का पदभार संभालने वाले सरदार प्रकाश सिंह बादल के निधन से देश की सियासत की एक सदी का अंत हो गया है। उनके निधन से पंजाब सहित देश की सियासत को कभी ना पूरा होने वाले नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मैंने व्यक्तिगत रूप से उनसे बहुत कुछ सीखा और समझा है। आज भी उनकी बताई हुई बातें मुझे अच्छी तरह याद हैं। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 26 अप्रैल को होने वाले अपने सभी चुनावी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल जी पंजाब की राजनीति के एक ऐसे स्तंभ थे, जिन्होंने पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक जीवन में उन्होंने पंजाब तथा उसकी जनता के लिए कई एतिहासिक फैसले लिए। उन्होंने जनता के दिलों में ऐसी छाप छोड़ी है कि जनता उन्हें कभी भुला नहीं सकती। शर्मा ने कहा कि सरदार प्रकाश सिंह बादल के निधन से हर तरफ शोक की लहर है और वह वाहेगुरु जी के चरणों में दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने की अरदास करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *