गुरुद्वारा साहिब परिसर में मर्यादा तोड़ने पर एक श्रद्धालु ने महिला की गोली मारकर की हत्या

पुलिस ने पटियाला के अर्बन एस्टेट में रहने वाले आरोपी निर्मलजीत सिंह सैनी को किया गिरफ्तार

पटियाला, 15 मई (वीर केसरी):- पटियाला में गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब परिसर में रविवार रात करीब 10 बजे गुरुद्वारा साहिब में एक महिला की मर्यादा तोड़ने पर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि 33 वर्षीय परमिंदर कौर गुरुद्वारा परिसर में सरोवर किनारे शराब का सेवन कर रही थी जब सेवादार ने युवती को मना किया तो उसने बोतल तोड़कर सेवादार पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इस दौरान भीड़ इकट्ठा हो गई। युवती को गुरुद्वारा प्रबंधक के कक्ष में ले जाया गया, जहां पास खड़े एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकाली और चार गोलियां युवती पर चला दीं।  पुलिस ने पटियाला के अर्बन एस्टेट में रहने वाले आरोपी निर्मलजीत सिंह सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रॉपर्टी डीलर है और वह रोजाना गुरुद्वारा साहिब आता है। इस फायरिंग में श्रद्धालु सागर मल्होत्रा भी घायल हुआ है।

पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने किस कारण महिला को गोली मारी, यह अभी जांच का विषय है। यह संवेदनशील मामला है। घटना की जांच के बाद ही आधिकारिक रूप से बयान जारी किया जाएगा। पुलिस गुरुद्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सारी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *