₹1100 की पर्ची कटवाने के पश्चात पांच श्रद्धालु कर सकेंगे VVIP दर्शन
09 अगस्त, हिमाचल प्रदेश(वीर केसरी):- यदि आप भी हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ छिनमस्तिका धाम में माता चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए जा रहे हैं तो पहले इस खबर को ध्यान से पढ़ें। मंदिर ट्रस्ट द्वारा माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने के लिए दक्षिण भारत की तर्ज पर यहां भी शुल्क की व्यवस्था कर दी गई है। यदि आप VVIP दर्शन करने के इच्छुक हैं तो आपको चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट की ओर से निर्धारित की गई 1100 रुपए की पर्ची कटवाने के पश्चात VVIP दर्शनों के लिए बनाई गई अलग कतार का प्रयोग करना पड़ेगा।
मंदिर ट्रस्ट द्वारा निर्धारित की गई इस नई प्रणाली को चार श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी में 1100 शुल्क देने के बाद 5 लोगों को VVIP दर्शन करने की एंट्री दी जाएगी, दूसरी श्रेणी में मंदिर ट्रस्ट ने 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए एक अटेंडेंट (सहायक) के साथ चलने पर 50 रुपए का शुल्क लगाया है। तीसरी श्रेणी में दिव्यांगों को भी एक अटेंडेंट को साथ लेजाने पर 50 रुपए देने होंगे परंतु मंत्री, विधायकों और सांसदों के लिए दर्शन निशुल्क रखें गए है, इनकी कोई पर्ची नहीं काटी जाएगी, हालांकि दर्शन के लिए इन्हें भी निर्धारित की गई VVIP लाइन में लगना होगा। वही आम श्रद्धालु पहले की तरह लाइन में लगकर निशुल्क दर्शन कर सकेंगे।
माता चिंतपूर्णी के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शनों को आते हैं। वैसे तो मां चिंतपूर्णी के दरबार में हर समय श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है परंतु नवरात्रों के दौरान दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कई-कई घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में VVIP के आने से श्रद्धालुओं का इंतजार और बढ़ जाता है। SDM विवेक महाजन ने बताया कि नई व्यवस्था को ट्रायल (Trial) के तौर पर शुरू किया गया है। एक दिन में सिर्फ 500 पास बनाकर VVIP को दर्शन की अनुमति दी जाएगी, ताकि पंक्ति व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा VVIP श्रद्धालुओं को मंदिर न्यास की ओर से बनाये गए बाबा श्री माई दास सदन में बने वेटिंग हॉल में बैठने की व्यवस्था की गई है। वहां से इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट के माध्यम से मंदिर की लिफ्ट तक ले जाया जाएगा और वहां लिफ्ट के माध्यम से दर्शन करवाएं जाएंगे।
इससे पहले बुजुर्गों, दिव्यांगों व गंभीर बीमारी से ग्रस्त श्रद्धालुओं के लिए VIP दर्शन करने की निशुल्क व्यवस्था की गई थी। जिसमें लोग अपना पहचान पत्र व बीमारी की रिपोर्ट दिखा कर VIP पर्ची बनवा कर लिफ्ट के रास्ते दर्शन करते थे परंतु अब अगर आपने माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने हैं तो आपको मंदिर ट्रस्ट द्वारा बनाए गए नए नियमों का पालन करना होगा।