स्कूल इस समेस्टर में ₹1 भी फीस नहीं बढ़ाएंगे
चंडीगढ़,30 मार्च-(टिंकू पंडित):- पंजाब में हर वर्ष प्राइवेट स्कूलों की ओर से नए सेमेस्टर के दौरान स्कूल फीस में वृद्धि की जाती रही है व बच्चों को यूनिफॉर्म और किताबें स्कूल से ही या स्कूल द्वारा बताए गए दुकानदार से लेने के लिए बाधित किया जाता रहा है। परंतु इस बार प्राइवेट स्कूलों के लिए ऐसा करना संभव नहीं होगा। क्योंकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज एक और बड़ा फैसला लेते हुए निजी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे बच्चों और उनके अभिभावकों को राहत दी है। मुख्यमंत्री पंजाब ने निजी स्कूलों के लिए निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वह इस समेस्टर में ₹1 भी फीस नहीं बढ़ाएंगे। इसके अलावा स्कूल बच्चों के अभिभावकों को एक तयशुदा दुकान से यूनिफॉर्म व किताबें खरीदने के लिए मजबूर भी नहीं करेंगे। निजी स्कूलों को स्कूल की किताबें आम दुकानों पर भी मुहैया करवानी होगी ताकि बच्चे कहीं से भी सस्ते दामों पर किताबें ले सकें। फीस और सालाना फीस के बारे में विस्तार से निर्देश जारी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पंजाब के इस फैसले से निजी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे बच्चों के मां-बाप को राहत मिली है, मगर देखना यह होगा कि क्या निजी स्कूल मुख्यमंत्री पंजाब के इस फैसले को मानते हैं या अपनी मनमर्जी करते हैं और अगर स्कूल मनमानी करते हैं तो पंजाब सरकार उनके खिलाफ क्या एक्शन लेगी।

