साहिल अख्तर पर हमला कर किया घायल व छीने ₹10,000 और मोबाइल
जालंधर, 17 मई-(टिंकू पंडित):- जालंधर में लूट-खसूट, लड़ाई-झगड़े व कई अपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। ऐसे ही एक और घटना कल फिर थाना रामामंडी के अंतर्गत आते बशीरपुरा क्षेत्र में हुई। जहां बाइक सवार कुछ लड़कों ने तेजधार हथियारों से हमला कर मुर्गे बेचने वाले साहिल अख्तर को घायल कर दिया। वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी देते हुए घायल साहिल अख्तर पुत्र बाबूलाल निवासी बशीरपुरा ने बताया कि उसकी बशीरपुरा में ही मुर्गे का मीट बेचने की दुकान है। कल सुबह 2 लड़के आए और उससे मुर्गे का मीट मांगा। मीट लेने के बाद वह रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद करने लगे। तब तो साहिल ने मामला शांत करवा दिया लेकिन दोनों लड़के जाते हुए धमकी दे गए कि उसे बाद में देख लेंगे। रात को जब वह दुकान बंद कर अपने घर गया और गली में खड़ा था तो तभी उन दोनों लड़कों के साथ कुछ और लड़के थे जोकि दो बाइक पर आए थे, जिन्होंने हाथ में तेजधार हथियार पकड़े हुए थे। आते ही उन्होंने साहिल अख्तर पर हमला बोल दिया और उसके पास से ₹10,000 और मोबाइल फोन छीन कर फरार हो गए। हमलावर जाते हुए धमकी देकर गए हैं कि अगर पुलिस को बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगें। घायल हालत में साहिल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। साहिल ने घटना की शिकायत पुलिस को दे दी है।