साधु सिंह धर्मसोत को सुबह 3 बजे उनके घर से किया गिरफ्तार
मंडी गाेबिंदगढ़,07 जून:- पंजाब सरकार के समय मंत्री पद पर रहते हुए पेड़ कटाई के बदले रिश्वत लेने के आरोपो में घिरे पूर्व वन मंत्री साधु सिंह धर्मसोत और उनके दो अन्य साथियों को विजिलेंस ब्यूराे ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनमें से एक साथी को पत्रकार भी बताया जा रहा है। मंगलवार सुबह तीन बजे विजिलेंस ने साधु सिंह को अमलोह उनके घर से गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो की तरफ सेे पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत और उनके साथियों को मोहाली की अदालत में पेश किया जाएगा।
ज्ञात रहे कि आज राहुल गांधी पंजाब दौरे पर हैं और वह सिद्धू मूसेवाला के घरवालों से मुलाकात करने के लिए आ रहे हैं और दूसरी तरफ उन्हीं की पार्टी के पूर्व मंत्री सुबह-सुबह गिरफ्तार हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार विजिलेंस ब्यूरो ने मोहाली के कुछ जंगलात अफसरों को रिश्वतखोरी के आरोप में पकड़ा था। उन्होंने पूछताछ में बताया कि धर्मसोत एक पेड़ काटे जाने के बदले 500 रुपये की रिश्वत लेते थे। इसके अलावा नए पेड़ लगाने के बदले भी रिश्वत ली जाती थी। जिसका हिस्सा सीधे तत्कालीन मंत्री धर्मसोत के पास भी जाता था।साधु सिंह धर्मसोत पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप घोटाले में भी घिरे रहे हैं। उनके सामाजिक सुरक्षा मंत्री रहते आरोप लगे कि गलत तरीके से स्कालरशिप का पैसा प्राइवेट कालेजों और यूनिवर्सिटीज को दे दिया गया। इसको लेकर खूब हंगामा भी हुआ। इसके बावजूद तत्कालीन कैप्टन सरकार ने धर्मसोत को क्लीन चिट दे दी थी। कैप्टन सरकार से क्लीन चिट मिलने के बाद अब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के समय साधु सिंह की गिरफ्तारी होना इस ओर इशारा कर रहा है कि दाल में कुछ तो काला है। अब आने वाले समय में ही पता चलेगा कि साधु सिंह धर्मसोत पर लगे आरोप सिद्ध होते हैं या एक बार फिर उन को क्लीन चिट मिलती है ।

